जनतंत्र डेस्क, महाराष्ट्र: कोरोना की गति धीमी होने के साथ ही देश में प्रतिबंध हटने लगे हैं। इसी कड़ी में कोविड से सबसे ज्यादा प्रभावित रहने वाले राज्य महाराष्ट्र में भी प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। गुरुवार को महाराष्ट्र सरकार ने इस संबंध में घोषणा की है। महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे पर फैसला लिया गया।
चीन में फिर कोरोना: 2 करोड़ से ज्यादा लोग क्वॉरंटीन, कंपनियों ने रोका काम
रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में अब मास्क भी वैकल्पिक हो जाएगा। यानी यह लोगों पर निर्भर है कि वह मास्क पहनना चाहता है या नहीं। प्रशासन की ओर से कोई चालान नहीं किया जाएगा। मास्क को वैकल्पिक करने वाला महाराष्ट्र देश का पहला राज्य बन गया है।
महाराष्ट्र की सरकार ने कोविड के मामलों में भारी कमी को देखते हुए महामारी एक्ट और आपदा प्रबंधन एक्ट को खत्म करने का फैसला लिया है। ये दोनों कानून पिछले दो साल लगभग देश भर में लागू हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, राज्य में मास्क पहनना अब ऐच्छिक हो जाएगा। यानी मास्क पहनने के लिए किसी पर दबाव नहीं डाला जा सकता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक 2 अप्रैल से नया नियम लागू हो जाएगा जिसके तहत कोरोना से संबंधित सभी कानून लगभग खत्म हो जाएंगे। गौरतलब है कि पिछले एक महीने से देश में कोरोना के मामले में लगातार कमी हो रही है।