जनतंत्र डेस्क, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा शिंदे को समर्थन देगी और वही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे।
भाजपा ने दिया शिंदे गुट को ऑफर
सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट और भाजपा के बीच सरकार बनाने पर मंथन भी चल रहा है। भाजपा ने शिंदे गुट को 8 कैबिनेट और 5 राज्य मंत्रियों का ऑफर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, गुलाबराव पाटिल, संभुराज देशाई, संजय शिरसाट, दीपक केसरकर, उदय सामंत को मंत्री बनाया जा सकता है।
इस्तीफे के बाद कंगना का तंज
एक्ट्रेस कंगना रनौत ने उद्धव ठाकरे पर तंज कसा है। कंगना ने सोशल मीडिया पर पर लिखा- जब पाप बढ़ जाता है, तो सर्वनाश होता है और उस के बाद सृजन होता है और फिर जीवन में कमल खिलता है। दो साल पहले BMC ने कंगना रनोट के मुंबई के पाली हिल स्थित कंगना रनोट के ऑफिस मणिकर्णिका फिल्म्स के कई हिस्सों को बीएमसी ने अवैध बताते हुए तोड़ दिया था। कार्रवाई के बाद से कंगना ने कहा था कि आज मेरा घर टूटा है, कल तुम्हारा घमंड टूटेगा।
संजय राउत ने कहा
शिवसेना सत्ता के लिए पैदा नहीं हुई, सत्ता शिवसेना के लिए पैदा हुई है। ये बाला साहेब का मंत्र रहा है। हम वापस काम करेंगे और फिर अपने दम पर सत्ता में आएंगे। हमें अपनों ने धोखा दिया। अपने लोगों ने खंजर घोंपा। उद्धव ठाकरे को दगाबाज कैसे दोष दे सकते हैं। बागी विधायकों को सरकार गिराने का ठेका मिला था। दगाबाजों का महाराष्ट्र में ये नया प्रयोग है।