सरायकेला: झारखंड के सरायकेला में नक्सलियों ने पुलिस की गाड़ी पर हमला कर दिया। इस हमले में 5 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। पुलिस की गाड़ी पर ये हमला उस वक्त किया गया, जब पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इस हमले के बाद नक्सली हथियार भी लूटकर ले गए हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी सरायकेला में चल रहे एक मेले में गश्त करने के लिए निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने पुलिस की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गाड़ी में 6 पुलिसकर्मी सवार थे, इनमें से 5 पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि एक पुलिसकर्मी बचकर तिरूडीह थाना पहुंचा। बता दें कि ये हमला जहां हुआ है, वह झारखंड और पश्चिम बंगाल के बॉर्डर पर स्थित है।
Jharkhand: Five policemen shot dead in Saraikela district.More details awaited. pic.twitter.com/mALCjLoJCz
— ANI (@ANI) June 14, 2019
गौरतलब है कि झारखंड के सरायकेला में कुछ दिनों पहले भी एक नक्सली हमला हुआ था। यहां कुचाई इलाके में 209 कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस की टुकड़ी पर नक्सलियों ने आईईडी धमाका किया था। इस धमाके में कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस के 15 जवान जख्मी हो गए थे। जवानों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची एयरलिफ्ट किया गया था। जब ये हमला हुआ उस वक्त सुरक्षा बल और पुलिस का दस्ता स्पेशल ऑपरेशन पर था।