लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। प्रियंका गांधी ने कहा है कि कानून व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी झूठ बोल रही है।
उप्र सरकार के नेता प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध पर मेरे ट्वीट का कुछ भी झूठ मूठ जवाब दे दें, मगर पुरानी कहावत है ‘हाथ कंगन को आरसी क्या, पढ़े लिखे को फ़ारसी क्या’।
उत्तर प्रदेश में अपराधियों के कारनामे चरम पर हैं और जनता पूछ रही है कि ऐसा क्यों?https://t.co/VlDuEWMVFo
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 3, 2019
प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश सरकार के नेता प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध पर मेरे ट्वीट का कुछ भी झूठ मूठ जवाब दे दें, मगर पुरानी कहावत है – हाथ कंगन को आरसी क्या, पढ़े लिखे को फ़ारसी क्या। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के कारनामे चरम पर हैं और जनता पूछ रही है कि ऐसा क्यों?’
बता दें कि इससे पहले भी प्रियंका ने कानून व्यवस्था और सूबे में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य की योगी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, “पूरे उत्तर प्रदेश में अपराधी खुलेआम मनमानी करते घूम रहे हैं। एक के बाद एक आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। मगर बीजेपी सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। क्या उत्तर प्रदेश सरकार ने अपराधियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है?”
प्रियंका गांधी ने राज्य की अलग-अलग जगह में घटित हुई अनेक आपराधिक घटनाओं का कोलाज भी पोस्ट किया। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर भी सरकार से सवाल किया था।