नई दिल्ली: RIP Kalyan Singh: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। यूपी के वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत कल्याण सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी। इसी कड़ी में, उत्तराखंड सरकार ने भी रविवार को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। आपको बता दें कि कल्याण सिंह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। 21 अगस्त को लखनऊ के संजय गाँधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (SGPGI) में उनका निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।
यह भी पढ़ें – Afghanistan News: काबुल से भारत पहुंचे 168 भारतीय, सुबह एयर इंडिया से 87 लोग आए थे
RIP Kalyan Singh: पीएम मोदी ने दी अंतिम श्रद्धांजलि
पीएम नरेंद्र मोदी ने सुबह करीब 11 बजे लखनऊ पहुँचकर कल्याण सिंह को उनके आवास पर अंतिम श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “श्री कल्याण सिंह जी ने जन कल्याण को अपना जीवन मंत्र बनाया। उन्होंने यूपी और देश के विकास के लिए काम किया। वे ईमानदारी और अच्छे प्रशासन के पर्याय बन गए।” उन्होंने आगे कहा, “हमने एक सक्षम नेता खो दिया है। हमें उनकी भरपाई के लिए उनके मूल्यों और संकल्पों को लेकर अधिकतम प्रयास करना चाहिए, हमें उनके सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए।”
RIP Kalyan Singh: कई बड़े नेताओं ने दी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में कल्याण सिंह के आवास पर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “कल्याण सिंह को नेता कहूँ या बड़ा भाई कहूँ या मित्र कहूँ यह फैसला करना कठिन है। उनकी भूमिका ऐसी रही है कि ऐसा लगता था कि इसमें वह नेता हैं, इसमें बड़े भाई हैं और इसमें मित्र हैं। अब वह हमारे साथ नहीं है, मैं उनको श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।” BSP की प्रमुख मायावती ने भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “कल्याण सिंह के निधन पर हमारी पार्टी गहरा दु:ख प्रकट करती है और कुदरत से प्रार्थना करती है कि उनके परिवार को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”