मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह स्टार प्रचारक होंगे। 21 अक्टूबर को होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने वाले अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची बनाई है। सूची में कई दिग्गज प्रचारकों में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश की पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी हैं।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार से दूरी बनाने वाली सोनिया का नाम स्टार प्रचारकों की सूची में प्रमुख है। प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने वाले बाकी प्रचारकों में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण और अशोक चव्हाण, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के सीएम कमलनाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हैं। बता दें कि इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने एनसीपी से हाथ मिलाया है। कांग्रेस और एनसीपी के बीच 125-125 सीटों पर लड़ने का समझौता हुआ है।