जनतंत्र डेस्क, चेन्नई: तमिलनाडु के सेलम में एक महिला को उसके बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में महिला समेत पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है। कहा जा रहा है, मृतक ट्रांस वुमन के तौर पर अपनी पहचान रखना चाहता था। जिससे खफा उसकी मां ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपने बेटे की हत्या कर दी।
‘लड़कियां मां की कोख और कब्र में ही सुरक्षित’, मरने से पहले छात्रा का झकझोर देने वाला नोट
जानकारी के मुताबिक, 45 वर्षीय उमादेवी ने जुलाई में अपने 20 वर्षीय बेटे नवीन के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई थी। कहा जा रहा है, नवीन अपनी पहचान को लेकर हुए मतभेदों के चलते घर छोड़कर बेंगलुरु के लिए निकल गया था। इसके बाद सूरमंगलम पुलिस ने नवीन को पकड़कर कोर्ट के सामने पेश किया। यहां कोर्ट ने नवीन के ट्रांस महिला के तौर पर अलग रहने के फैसले पर मुहर लगा दी थी।
खबर है कि, 13 दिसंबर को जब नवीन अपने घर लौटा तो उमादेवी और रिश्तेदारों ने नवीन के साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक के ट्रांस महिला में बदलने से रोकने के लिए रिश्तेदारों ने उमादेवी को नवीन के शरीर में इंजेक्शन के जरिए हार्मोंस डालने की सलाह दी थी। साथ ही वे ‘परिवार की बदनामी’ के चलते नवीन को घर में नजरबंद रखना चाहते थे। नवीन को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में सेलम शासकीय अस्पताल ले जाया गया। यहां 14 दिसंबर को उसकी मौत हो गई।