नई दिल्ली: UP Election 2022: उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए गठबंधन के बारे में सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। पार्टी ने घोषणा की है कि वह 2022 के राज्य चुनाव में सभी 403 सीटों के लिए उम्मीदवार उतारेगी। AAP के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर चुनाव की तैयारियों में शामिल होने को कहा है ताकि आसन्न चुनाव पूरी ताकत से लड़ सकें। संजय सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य के सभी 403 निर्वाचन क्षेत्रों में AAP की तिरंगा संकल्प यात्रा निकाली जाएगी।
यह भी पढ़ें – UP Election 2022: अयोध्या में तिरंगा यात्रा की योजना बना रही है AAP सरकार, राम मंदिर में रुक सकती है
UP Election 2022: श्मशान बनाने वाली विचारधारा हमारी नहीं- संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा, “इसके माध्यम से हम लोगों को बताना चाहते हैं कि असली राष्ट्रवाद क्या है। हमारा राष्ट्रवाद है कि हर गरीब बच्चे को पढ़ने के लिए बेहतर स्कूल मिले। दिल्ली की तरह उत्तर प्रदेश में भी बेहतर स्कूलों का सपना पूरा होना चाहिए। जैसे दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक, हर गाँव में बेहतर अस्पताल या क्लीनिक हों। गरीबों के घरों में बिजली हो- 300 यूनिट मुफ्त में मिले।” उन्होंने कहा कि AAP का राष्ट्रवाद है कि वे उत्तर प्रदेश के लोगों को अच्छा स्वास्थ्य और शिक्षा देंगे। उन्होंने कहा, “श्मशान बनाने वाली विचारधारा हमारी नहीं है। भाजपा ने कोविड-19 महामारी के दौरान हर गाँव में श्मशान घाट बनाए। 2017 में उन्होंने कहा था कि वे ऐसा करेंगे।”
UP Election 2022: UP सरकार के पास हमारे सवालों के जवाब नहीं- संजय सिंह
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया, ”यहाँ हर रोज़ बेटियों के साथ बलात्कार की घटनाएँ होती हैं। सरकार न्याय दिलाने की बजाय रात के अंधेरे में पीड़िता के शव को जबरन जला देती है।” उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा, “चाहे ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और थर्मामीटर जैसे चिकित्सा उपकरणों की खरीद हो, राम मंदिर के लिए ज़मीन की खरीद हो या जल जीवन मिशन में घोटाला, राज्य सरकार के पास हमारे सवालों का कोई जवाब नहीं है।” AAP नेता संजय सिंह ने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा सरकार के तहत उत्तर प्रदेश में तिरंगे के गौरव को ठेस पहुँचाने वाली कई घटनाएँ हुई हैं।