जनतंत्र डेस्क, लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का ऐलान कर दिया है। बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया है। तो वहीं यूपी की राजधानी लखनऊ में बसपा प्रमुख मायावती ने ऐलान किया कि हमने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर दिया है।
मायावती ने एनडीए कैंडिडेट के समर्थन को लेकर उठाए जा सकने वाले सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने कहा कि हमने ये फैसला ना तो बीजेपी या एनडीए के पक्ष में, ना ही विपक्ष के विरोध में लिया है। मायावती ने ये भी साफ कहा कि हमने ये फैसला अपनी पार्टी और आंदोलन को ध्यान में रखते हुए लिया है। बसपा प्रमुख मायावती ने आखिरकार ये ऐलान कर दिया कि हमने अपनी पार्टी और मूवमेंट का ध्यान रखते हुए द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का फैसला किया है।
झामुमो की बैठक में होगा फैसला
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की भी आज बैठक होनी है। इस बैठक में राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन को लेकर फैसला लिया जाना है। माना जा रहा है कि झामुमो भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का ऐलान कर सकती है। एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने एक दिन पहले ही यानी 24 जून को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। द्रौपदी मुर्मू ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) अध्यक्ष शरद पवार और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी बात कर समर्थन मांगा था
18 जुलाई को होना है मतदान
देश का अगला राष्ट्रपति चुनने के लिए 18 जुलाई को मतदान होना है. मतगणना 21 जुलाई को होगी. गौरतलब है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल समाप्त होने से पहले देश के अगले राष्ट्रपति को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी.