कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी यूपी को साधने के लिए तैयारियों में जुट चुकी हैं। बुधवार को प्रियंका एक दिवसीय अमेठी दौरे पर हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रियंका गांधी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। बताया जा रहा है कि ये बैठक साढ़े आठ घंटे चलेगी।
प्रियंका गांधी लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचकर यहां से जगदीशपुर और इन्हौना होते हुए करीब 1:30 बजे एएच इंटर कॉलेज, मुसाफिरखाना पहुंचेंगी। वहां, कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद वह रायबरेली के भूयेमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम के लिए रवाना हो जाएंगी। अगले दिन यानि कि गुरुवार को प्रियंका वहां दिनभर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी साथ ही वहां रात्रि विश्राम भी करेंगी।
इसके बाद वह शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे भूयेमऊ गेस्ट हाउस से कुमारगंज होते हुए फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र का भ्रमण करेंगी। प्रियंका गांधी का ये कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम सात बजे प्रियंका फैजाबाद से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। जहां से रात 9:50 बजे दिल्ली चली जाएंगी।