नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के बागपत में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। यहां बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को ढेर कर दिया है। इस बदमाश पर लूट, हत्या जैसे दर्जनभर से ज्यादा संगीन आरोप दर्ज थे। वहीं, बदमाश का दूसरा साथी फरार हो गया है।
दरअसल, पुलिस सुबह खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के रटौल मुबारिकपुर मार्ग पर निकली थी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस को लूटने के इरादे से रोक लिया। वहीं, गाड़ी में खेकड़ा पुलिस गश्त कर रही थी, जिनके देखते ही बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश को मौके पर ही गोली लग गई और अस्पताल ले जाते समय बदमाश ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा साथी मौके से फरार हो गया।
मारा गया बदमाश सन्दीप साक्षी नाम का बताया जा रहा है, जिस पर खेकड़ा थाने से 25 हजार का इनाम है और लूट हत्या फिरौती के दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। दिल्ली के अंदर इस बदमाश पर 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। दूसरे साथी पर भी कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। जानकारी के अनुसार दोनों ही बदमाश बुलंदशहर जिले के रहने वाले हैं।
बुधवार को भी खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के मंडोला फिरोजपुर मार्ग पर पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गोली लगी थी। यह बदमाश बुलंदशहर के ही रहने वाले थे। इन दोनों के बदमाशों के तार भी साथी गैंग से ही जोड़े जा रहे हैं। दोनों घटनाओं में बुलंदशहर के ही बदमाश पुलिस मुठभेड़ में या तो गिरफ्तार हुए या उनका एनकाउंटर कर दिया गया। अब देखने वाली बात यह है कि जनपद में घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस बदमाशों की और कितनी खबर लेती है।
बुलंदशहर का रहने वाला है मृतक बदमाश
मारा गया बदमाश यूं तो बुलंदशहर जिले का रहने वाला है, लेकिन दिल्ली के अंदर इस बदमाश पर 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिसको दिल्ली पुलिस भी ढूंढ रही है। सन्दीप साक्षी नाम का यह बदमाश दिल्ली के अंदर कई बड़ी घटनाओं को भी अंजाम दे चुका है और काफी समय से दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय है। पुलिस अभी इसका और इतिहास खंगाल रही है।