जनतंत्र डेस्क UP: चुनावों से पहले पार्टियां तरह तरह से जनता को लुभाने की कोशिश में जुटी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी विधानसभा चुनाव से पहला बड़ा दांव खेला है। प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया है। यह ऐलान कांग्रेस का बड़ा दांव माना जा रहा है। आजाद भारत में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी पार्टी ने इतना बड़ा दांव खेला है।
प्रियंका गांधी ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए यह बड़ा ऐलान किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की थीम ” लड़की हूं. लड़ सकती हूं” रखी गई। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि वे महिलाओं से अनुरोध करती हैं कि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं राजनीति में आएं। तभी उन्होंने 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रियंका गांधी ने कहा कि यह फैसला उन्नाव की उस लड़की के लिए है जिसे जलाया गया, मारा गया। यह हाथरस की उस लड़की के लिए है जिसे न्याय नहीं मिला।
UP: 15 नवबंर तक महिलाओं से मांगे आवेदन
40 फीसदी महिलाओं को चुनाव टिकट देने का ऐलान करने के बाद प्रियंका गांधी ने महिलाओं से 15 नवंबर तक आवेदन मांगे हैं। उन्होंने कहा कि हमने हर विधानसभा के लिए आवेदन मांगे हैं। जो चुनाव लड़ना चाहता है आवेदन करे। हम उन्हें राजनीति में मौका देंगे। ज्यादा से ज्यादा महिलाएं आगे आएं।
मेरिट होगा टिकट का आधार
प्रियंका गांधी ने कहा कि उनका बस चलता तो मैं 50 फीसदी महिलाओं को टिकट देती। राजनीतिक पार्टियां सोचती हैं कि महिलाओं को दो हजार रुपये और सिलिंडर देकर खुश किया जा सकता है, लेकिन राजनीति में बदलाव ऐसे नहीं आएगा। हम महिला एक दूसरे के संघर्ष में साथ दें। यूपी प्रभारी ने कहा कि अगर कोई अपनी बहन, बेटी को चुनाव लड़ाता है तो भी कोई बुराई नहीं है। वह तब भी सक्षम हो जाती हैं। टिकट जाति के आधार पर नहीं, बल्कि मेरिट के आधार पर देंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘मेरी राजनीति सिर्फ इसलिए है कि बदलाव आए। कुछ आशा, उम्मीद जागे, ऐसी राजनीति चाहती हूं जिसमें सेवा और प्रेम का भाव हो। कुचलने और मारने का नहीं।’