जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: पंतगबाजी करना भला किसे नहीं पसंद। हवा के साथ साथ पंतग आसमान की सैर करती हुई सबको अच्छी लगती है। लेकिन जब पंतग अपने साथ आदमी को ही उड़ा ले जाए तो आप क्या कहेंगे। श्रीलंका के जाफना में एक शख्स को पंतगबाजी का शौक भारी पड़ गया। शख्स तेज हवा में एक बड़ी पंतग उड़ाने की कोशिश कर रहा था और देखते ही देखते पंतग के साथ वह खुद भी हवा में 40 फीट तक उड़ गया।
हवा में उड़ता रहा शख्स लोग चिल्लाते रहे
पंतग के साथ शख्स के उड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पतंग की डोर से लटका हुआ एक आदमी दिखाई दे रहा है, जिसका नाम नादरस मनोहरन है। मनोहरन लगातार हवा में ऊपर उठता जा रहा है। कुछ लोग उसके पीछे भागते हुए नजर आ रहे हैं। वो लटके हुए व्यक्ति से डोर छोड़ने को कह रहे हैं। काफी देर तक मनोहरन डोर से लटका रहा और जब उसके हाथ थक गए तो उसने डोर छोड़ दी। जमीन पर गिरने के बाद मनोहरन कुछ देर तक दर्द की वजह से वहीं पड़ा रहा। थोड़ी देर बाद उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत ठीक है।
दरअसल, श्रीलंका में पोंगल की तैयारियां हो रही हैं। जनवरी में यहां थाई पोंगल मनाया जाएगा। इस पर्व पर पंतगबाजी यहां का पारंपरिक खेल होता है। लोग परिवार और साथियों के साथ पतंगबाजी करते हैं इसी की तैयारी के दौरान श्रीलंकाई शख्स मनोहरण हवा में लहरा गया।