जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: नोएडा शहर और आधी रात…सड़क पर तेज दौड़ता एक 19 साल का लड़का। जाहिर है लड़के को देख आप भी लिफ्ट देने के लिए कार रोक ही लेंगे। लेकिन क्या हो जब वह लिफ्ट लेने से मना कर दे और वजह सुनकर आप लड़के से प्यार करने लगें।
दरअसल, फिल्ममेकर विनोद कापड़ी ने एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में दिखने वाले प्रदीप मेहरा हैं रात के 11 बजे बैग लटकाए प्रदीप सड़क पर तेज दौड़ रहे हैं। विनोद कापड़ी ने लड़के को देख उसे लिफ्ट देनी चाही लेकिन उसने लिफ्ट लेने से इंकार कर दिया। क्योंकि नोएडा के सेक्टर-16 मैकडॉनल्ड्स के कर्मचारी प्रदीप मेहरा सेना में जाने के लिए काम करने के बाद हर रात 10 किमी दौड़ते हैं। प्रदीप को ये ही समय मिलता है जब वे दौड़ पाते हैं और ऐसा वे अपने काम के साथ साथ करते हैं।
प्रदीप मेहरा मैकडॉनल्ड कंपनी में अपनी नौकरी पूरी कर रोजाना दौड़ की प्रैक्टिस करते हैं। प्रदीप उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रहने वाले हैं। उनका सपना है कि वे इंडियन आर्मी में भर्ती हों। वीडियो में देख सकते हैं, प्रदीप बता रहे हैं कि वे अपने बड़े भाई के साथ नोएडा में रहते हैं और उनकी मां अस्पताल में भर्ती है। दोनों भाई यहां रहकर नौकरी कर रहे हैं। फिल्ममेकर विनोद कापड़ी के बार-बार बोलने पर भी प्रदीप ने लिफ्ट लेने से इंकार कर दिया।
विनोद कापड़ी के वीडियो को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी रिट्वीट किया है। वीडियो शेयर कर शिक्षा मंत्री ने लिखा, लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।’’ प्रदीप ने बताया कि वे रोजाना ही शिफ्ट के बाद घर तक दौड़ते हुए जाता है क्योंकि उसके पास रनिंग की प्रैक्टिस के लिए समय नहीं बच पाता।