कलयुगी बेटे की हैवानियत: 72 साल के पिता को पीटा, पुलिस ने किया अरेस्ट

उत्‍तर प्रदेश के सहारनपुर में एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता को सरेआम पीटा. गालियां दीं, थप्‍पड़ मारे, गला तक दबाने की कोशिश की. बेटे की ये शर्मनाक हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल दिया. लेकिन अब बुजुर्ग पिता ही पुलिस से गुहार लगा रहा है कि उसके बेटे को छोड़ दिया जाए.

सहारनपुर जनपद के थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित मानकमऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली ये घटना सामने आई है. बेटे द्वारा पिता को बेरहमी से पीटने की घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में बुजुर्ग हाजी तहसीन के साथ उनके बेटे गुल्फिशान को बीच सड़क मारपीट करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में बेटे ने अपने पिता को थप्पड़ मारे और उनका गला घोंटने का भी प्रयास किया.

घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और सोशल मीडिया पर सहारनपुर पुलिस को टैग करते हुए बेटे गुल्फिशान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी. बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते बाप-बेटे के बीच कहासुनी हुई, जिसके बेटे ने अपने बाप पर ही हाथ उठा दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. लेकिन इस बीच बुजुर्ग हाजी तहसीन का फोन भी आ गया, जो बेटे को छोड़ने की मांग कर रहे हैं. हमने अभी तक बेटे गुल्फिशान पर कोई केस दर्ज नहीं किया है. हालांकि, हम जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगे. इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, बल्कि बुजुर्गों के प्रति बढ़ते दुर्व्यवहार और पारिवारिक मूल्यों में आ रही गिरावट को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Scroll to Top