जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिल्ली में एक साल से ज्यादा वक्त किसानों ने आंदोलन किया। ये आंदोलन कृषि कानूनों के खिलाफ था। अपने हक की लड़ाई में किसानों ने घर बार, खेत खलिहान सब छोड़ दिया। दिल्ली की बॉर्डर्स ही किसानों का घर बन गया। इस दौरान हमनें किसान आंदोलन के कई नजारे देखे। जब किसानों ने बॉर्डर पर ही लंगर लगा ली। ट्रॉलियों को ही घर बना लिया। धूप, बरसात सर्दी गर्मी सब सहते हुए किसानों ने आखिरकार ये लड़ाई जीत ही ली और अब वे जश्न के साथ घर पहुंच रहे हैं।
किसान नाचते गाते घर को लौट रहे हैं। किसानों के परिवार से मिलने की खुशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है, इस वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह दिल्ली से लौटे किसान की बेटियां पिता से गले मिल रही हैं। इस वीडियो को बॉलीवुड के डायरेक्टर ओनिर ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर शेयर किया है।
वीडियो में देखा जा सकता है काफी दिनों बाद घर पहुंचे किसान को देख बेटियां दौड़कर गले लगा लेती हैं। बेटियों के पिता भी बेहद खुश नजर आ रहे हैं। बैकग्राउंड में पंजाबी गाना बज रहा है। ये पूरा माहौल इमोशनल कर देने वाला था। वीडियो को खूब शेयर किया जा रहा है।
पीएम मोदी के कृषि कानूनों को वापस लिए जाने का ऐलान कर दिया था। जिसके बाद संसद में कृषि कानून वापसी बिल पास हो गया और 11 दिसंबर से किसान अपने घर कौ लौटने लगे। किसानों का आंदोलन सफल रहा और अब किसान जीत का जश्न मनाते हुए घर लौटे।