चंडीगढ़-आज दिवाली के पर्व पर मनोहर लाल खट्टर दूसरी बार और हरियाणा के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने जा रहे हैं। उनके साथ जजपा सुप्रीमो दुष्यंत चौटाला भी बतौर उप मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। शनिवार को विधायक दल की बैठक में मनोहर लाल को पूरे सम्मान से विधायक दल का नेता चुना गया। उसके बाद मनोहर लाल और दुष्यंत चौटाला ने मिलकर राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को सरकार बनाने का प्रस्ताव सौंपा, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
शपथ ग्रहण समारोह चंडीगढ़ स्थित राज भवन में आयोजित किया जाएगा। प्रदेश के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य उन्हें पद की गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। वहीं शपथ ग्रहण समारोह में दुष्यंत चौटाला की मां नैना चौटाला मौजूद रहेंगी। दुष्यंत के पिता अजय चौटाला भी शिरकत कर सकते हैं। उन्हें तिहाड़ जेल से 14 दिन की फर्लो छुट्टी मिल गई है।
इनके अलावा कार्यक्रम में भाजपा के सभी विधायक, जजपा के सभी दस विधायक, छह निर्दलीय विधायक भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि हरियाण में 13वीं विधानसभा के गठन की प्रक्रिया चल रही है। इस बार हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत नहीं मिला। पार्टी को 40 सीटें मिलीं, लेकिन फिर भी प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनने जा रही है। क्योंकि जननायक जनता पार्टी(जजपा) सुप्रीमो दुष्यंत चौटाला ने भाजपा को समर्थन दे दिया है।
सेंट्रल सुपरवाइज़र रवि शंकर प्रसाद के अनुसार, भाजपा के पास 56 विधायकों का समर्थन है। 40 भाजपा के, 10 जजपा के और छह निर्दलीय विधायक उनके साथ हैं।ऐसे में हरियाणा में भाजपा और जजपा मिलकर सरकार बना रहे हैं। शुक्रवार को दुष्यंत चौटाला अपने पिता अजय चौटाला से मिलने तिहाड़ जेल गए और उनसे विचार विमर्श किया।
उसके बाद देर शाम उन्होंने भाजपा को समर्थन देने का एलान कर दिया। इस एलान के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी शुक्रवार रात को ही करीब साढ़े नौ बजे भाजपा-जजपा गठबंधन का एलान किया। साथ ही दुष्यंत को उप मुख्यमंत्री का पद देना भी स्वीकार कर लिया।