पश्चिम बंगाल की राजनीति के सबसे रसूखदार चेहरों में से एक, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, एक ऐसी खौफनाक साजिश सामने आ रही है जिसने जांच एजेंसियों के भी होश उड़ा दिए हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ की हत्या कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि एक बेहद सुनियोजित \’सुपारी किलिंग\’ है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि इस पूरी साजिश को अंजाम देने के लिए 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड बहाया गया। हत्या में इस्तेमाल हुए हथियारों में से एक की कीमत ही अवैध बाजार में 10 लाख रुपये से अधिक है। हत्यारों ने भागने के लिए जिन कारों और बाइकों का इस्तेमाल किया, उन सभी पर फर्जी नंबर प्लेट थीं और इंजन नंबर तक मिटा दिए गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI की SIT ने कमान संभाल ली है। DIG पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम और CFSL (सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) के विशेषज्ञों ने मध्यमग्राम के उस \’डेथ स्पॉट\’ का दौरा किया, जहां रथ की SUV को गोलियों से छलनी किया गया था। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और बैलिस्टिक साक्ष्य जुटाए हैं।
जांच में इस मर्डर केस के इंटरस्टेट तार जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने अब तक उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन शार्प शूटर्स को दबोचा है। कहा जा रहा है कि इस वारदात में कम से कम 8 लोग शामिल थे। गिरफ्तार आरोपी पूछताछ में लगातार बयान बदल रहे हैं, जिससे साफ है कि उन्हें पेशेवर तरीके से ट्रेनिंग दी गई थी। फिलहाल तीनों आरोपी 24 मई तक पुलिस हिरासत में ही रहेंगे।
जांच से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह केवल एक हत्या नहीं, बल्कि सत्ता के गलियारों तक पहुंचने वाली एक गहरी साजिश है। 10 लाख की पिस्टल और 1 करोड़ का खर्च बताता है कि मास्टरमाइंड कोई मामूली अपराधी नहीं है।
6 मई को मध्यमग्राम के दोहेरिया लेन में चंद्रनाथ रथ अपनी SUV से जा रहे थे, तभी एक सिल्वर कार ने उनका रास्ता रोका। इससे पहले कि वो कुछ समझ पाते, दोपहिया वाहनों पर सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हत्यारे इतनी तैयारी के साथ आए थे कि उन्हें रथ की पल-पल की मूवमेंट की सटीक जानकारी थी।
इतनी भारी रकम किसने खर्च की? चंद्रनाथ रथ की सटीक लोकेशन किसने लीक की? और इस खूनी खेल का असली \’किंगपिन\’ कौन है? CBI अब इन सवालों के जवाब तलाश रही है।