Forbes India Richest List 2023: जी20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) की मेजबानी किये जाने के बाद वैश्विक निवेशकों की तरफ से भारत को आकर्षक स्थान माना जा रहा है। हालांकि इसके बावजूद देश के 100 सबसे धनी लोगों की सामूहिक संपत्ति में इस साल कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। साल 2022 में यह आंकड़ा 799.32 बिलियन डॉलर पर था, जो इस साल बढ़कर 799.78 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया है।
बढ़ गयी अंबानी की संपत्ति
फोर्ब्स की तरफ से जारी की गई भारत के 2023 के 100 सबसे अमीर शख्सियतों (Forbes Latest ‘India’s 100 Richest 2023) की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी सबसे ऊपर बने हुए हैं। अंबानी की कुल संपत्ति पिछले साल की तुलना में 4 बिलियन डॉलर बढ़कर 92 बिलियन डॉलर हो गई। ब्लैकरॉक के साथ ज्वाइंट वेंचर में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (Jio Financial Services) लिस्टेड होने के बाद अंबानी ने अगस्त में अपने तीनों बच्चों को रिलायंस बोर्ड में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में नियुक्त करके अपनी उत्तराधिकार योजना को मजबूत किया।
अडानी के शेयरों में भारी गिरावट
फोर्ब्स की लिस्ट में दूसरे नंबर पर अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी रहे हैं। पिछले साल पहली बार ऐसा मौका रहा जब वह अंबानी को पछाड़कर देश के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए। हालांकि जनवरी में हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट के बाद उनके ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई। रिपोर्ट में कहा गया कि तब से कुछ स्थिति ठीक होने के बाद उनकी कुल संपत्ति 82 बिलियन डॉलर से गिरकर 68 बिलियन डॉलर हो गई। सॉफ्टवेयर टाइकून शिव नादर 29.3 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दो पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।