विश्व प्रसिद्ध माँ शारदा देवी मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्रि मेले (127 मार्च 2026 तक) को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कुछ कड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मंदिर प्रशासक दिव्या पटेल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नवरात्रि के नौ दिनों तक VIP दर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि देश-विदेश से आने वाले लाखों आम श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराना। प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों से आग्रह किया है कि वे VIP पास या विशेष व्यवस्था की मांग न करें और सामान्य श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर दर्शन करें।
माँ शारदा धाम की धार्मिक मर्यादा और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। SDM दिव्या पटेल के आदेशानुसार, 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक पूरे मैहर नगर पालिका क्षेत्र में मांस, मछली और अंडे की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इस अवधि में किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान पर इन वस्तुओं का क्रय-विक्रय कानूनी रूप से वर्जित होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
मेले के दौरान लाखों लोगों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष खाका तैयार किया है। शहर के मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्जन किया जाएगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। पेयजल, शौचालय और छाया की समुचित व्यवस्था मंदिर समिति द्वारा की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि इस बार तकनीक और बेहतर प्रबंधन के जरिए श्रद्धालुओं को पहले से अधिक सुरक्षित और सुखद अनुभव प्रदान किया जाएगा।















