उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगा नगर (फाफामऊ) में सोमवार को हुआ दर्दनाक हादसा अब बड़े राजनीतिक मोड़ पर आ गया है। फाफामऊ थाना क्षेत्र स्थित ‘आदर्श कोल्ड स्टोरेज’ के अचानक ढह जाने से जहाँ चार श्रमिकों की जान चली गई, वहीं प्रशासन ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद को हिरासत में ले लिया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित एक्शन लिया है। सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद के साथ-साथ उनके बेटे मंजूर इलाही और भतीजे अलाउद्दीन को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर इन पर गाज गिरी है।
प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि मलबे में अभी भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि कोल्ड स्टोरेज ढहने की घटना बेहद दुखद है। अब तक 4 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है और 14 घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार मलबा हटाने और फंसे हुए लोगों को निकालने के काम में जुटी हैं।
कल यानी सोमवार दोपहर जब यह कोल्ड स्टोरेज अचानक भरभरा कर गिरा, तो वहां मौजूद श्रमिकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और मलबे की सघन तलाशी ली जा रही है।
खबर अपडेट की जा रही है………………















