भारतीय विधायी इतिहास में एक बड़े सुधार पर मुहर लग गई है। राज्यसभा ने ‘जन विश्वास (संशोधन) विधेयक 2026’ को ध्वनि मत से पारित कर दिया है। लोकसभा में यह पहले ही पास हो चुका था। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद यह बिल कानून बन जाएगा, जिससे देश के 42 अधिनियमों (Acts) के 183 प्रावधानों में बदलाव होगा।
लेकिन, इस भारी-भरकम शब्दजाल का आपके और मेरे लिए क्या मतलब है? आइए, इसे आसान भाषा में समझते हैं।
आसान शब्दों में कहें तो यह बिल ‘डिक्रिमिनलाइजेशन’ (Decriminalization) की दिशा में उठाया गया कदम है। भारत में कई ऐसे पुराने कानून थे, जिनमें छोटी सी तकनीकी गलती या कागजी चूक के लिए जेल की सजा का प्रावधान था।
सरकार का लक्ष्य है Ease of Living मतलब नागरिकों को बेवजह के कानूनी पचड़ों से बचाना। Ease of Doing Business के जरिए उद्यमियों को व्यापार करने में सुगमता देना। इसके साथ ही न्यायपालिका पर बोझ कम करना मतलब छोटी-छोटी गलतियों के मामले अदालतों में न जाएं।
यह बिल किसी एक विभाग तक सीमित नहीं है। यह आपके जीवन से जुड़े 42 विभिन्न कानूनों को प्रभावित करेगा, जिनमें खेती और पर्यावरण से जुड़ी छोटी चूकों पर अब आपराधिक केस नहीं होगा। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत दवाओं से जुड़े व्यापार में तकनीकी खामियों पर राहत दी गई है।
मीडिया और कॉपीराइट के लिए कंटेंट और बौद्धिक संपदा से जुड़े नियमों में बदलाव किया जाएगा। पोस्ट ऑफिस एक्ट के तहत डाक सेवाओं से जुड़े पुराने और अप्रासंगिक दंडों की समाप्ति होगी।
इस विधेयक की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें ‘जेल’ के डर को ‘जुर्माने’ (Penalty) में बदल दिया गया है। कई अपराधों में अब कारावास की सजा खत्म कर दी गई है। इसकी जगह आर्थिक दंड या प्रशासनिक जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, जुर्माने की राशि में हर 3 साल में 10% की बढ़ोतरी का प्रावधान है ताकि लोग नियमों का गंभीरता से पालन करें।
भारत के छोटे और मध्यम स्तर के उद्यमी अक्सर शिकायत करते थे कि वे बिजनेस बढ़ाने से ज्यादा समय कागजी कार्यवाही और कानूनी नोटिसों को निपटाने में बिताते हैं। अब छोटी तकनीकी भूलों (Technical Errors) के लिए जेल जाने का डर खत्म होगा। भ्रष्टाचार के अवसरों में कमी आएगी, क्योंकि अधिकारियों के पास गिरफ्तारी की शक्ति सीमित होगी। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और देश में नया निवेश आएगा।
जन विश्वास बिल 2026 केवल एक कानूनी संशोधन नहीं है, बल्कि यह इस सोच का बदलाव है कि ‘हर गलती अपराध नहीं होती’। हालांकि विपक्ष ने कुछ चिंताओं को जाहिर किया है, लेकिन सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह कदम भारत को एक आधुनिक और सुगम अर्थव्यवस्था बनाने के लिए अनिवार्य है।














