मनोरंजन के लिए रोलर कोस्टर की सवारी करना आजकल युवाओं और एडवेंचर के शौकीनों की पहली पसंद बन चुकी है। हवा से बातें करती रफ्तार और दिल धड़का देने वाले उतार-चढ़ाव भले ही रोमांचक लगते हों, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह ‘मजा’ आपकी जिंदगी की आखिरी गलती साबित हो सकता है?
सोशल मीडिया पर इन दिनों ताइवान के एक व्यक्ति की आपबीती तेजी से वायरल हो रही है, जिसने खासकर 40 साल से ऊपर के लोगों के बीच डर और चिंता पैदा कर दी है।
घटना पिछले साल अगस्त की है, जब यह शख्स Ferrari World Abu Dhabi घूमने गया था। वहां उसने दुनिया के सबसे तेज रोलर कोस्टर में से एक की सवारी की। राइड खत्म होते ही उसे चक्कर आने लगे, जिसे उसने सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज कर दिया।
“राइड के बाद भी तबीयत नहीं सुधरी। रातभर चक्कर आते रहे और फिर असहनीय सिरदर्द शुरू हो गया। ताइवान लौटने के बाद भी महीनों तक यही हाल रहा। हैरानी की बात यह है कि शुरुआती CT स्कैन में कुछ भी असामान्य नहीं निकला, लेकिन दर्द कम होने का नाम नहीं ले रहा था।
जब गहन जांच की गई, तो डॉक्टरों ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। यह कोई सामान्य स्ट्रोक नहीं था, बल्कि राइड के दौरान लगे तेज झटकों (G-Force) की वजह से दिमाग की नसों पर दबाव पड़ा और धीरे-धीरे वहां खून जमा होने लगा (Subdural Hematoma)। उम्र बढ़ने के साथ (खासकर 40 के बाद) दिमाग थोड़ा सिकुड़ता है, जिससे नसों में खिंचाव की जगह बन जाती है। तेज गति और अचानक लगने वाले झटके कमजोर नसों को फाड़ सकते हैं। जिन लोगों को आंखों की गंभीर समस्या या हाई पावर का चश्मा है, उन्हें झटकों से आंखों में ब्लीडिंग का खतरा रहता है।
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा मैं 50 साल का हूँ, रोलर कोस्टर के बाद मेरी आंखों में ब्लीडिंग शुरू हो गई और हफ्तों तक चक्कर आते रहे। अब कभी ऐसी गलती नहीं करूँगा। वहीं एक अन्य यूजर ने चेतावनी देते हुए लिखा, “रोमांच अपनी जगह है, लेकिन शरीर की क्षमता को समझना जरूरी है। थोड़ी देर का मजा कहीं सजा न बन जाए।
| सावधानी | क्यों जरूरी है? |
| उम्र का ख्याल | 40-45 साल के बाद नसें कम लचीली होती हैं। |
| मेडिकल हिस्ट्री | बीपी या दिल की बीमारी होने पर ऐसी राइड्स से बचें। |
| आंखों की जांच | हाई मायोपिया वाले लोगों के लिए झटके खतरनाक हैं। |
| संकेतों को न टालें | राइड के बाद सिरदर्द या चक्कर आए तो तुरंत न्यूरोलॉजिस्ट से मिलें। |
अगली बार जब आप किसी थीम पार्क में सबसे ऊंची राइड को देखें, तो केवल जोश में न आएं। याद रखें, आपकी सेहत किसी भी एडवेंचर से कहीं ज्यादा कीमती है!














