नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग को रोक दिया है। चंद्रयान 2 के काउंटडाउन को लॉन्चिंग से 56.24 मिनट पहले ही रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग को कुछ तकनीकी कारणों की वजह से रोका गया है। अगली तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।
बता दें कि चंद्रयान-2 को 15 जुलाई को तड़के 2.51 बजे श्रीहरिकोटा के तीश धवन सेंटर के दूसरे लॉन्च पैड से लॉन्च किया जाना था। इस मिशन के लिए भारत के सबसे ताकतवर रॉकेट GSLV MK-3 का इस्तेमाल किया जाना था। फिलहाल इसरो वैज्ञानिक ये पता करने की कोशिश कर रहे हैं कि लॉन्च से पहले ये तकनीकी कमी कहां से आई।
A technical snag was observed in launch vehicle system at 1 hour before the launch. As a measure of abundant precaution, #Chandrayaan2 launch has been called off for today. Revised launch date will be announced later.
— ISRO (@isro) July 14, 2019
इस बारे में इसरो प्रवक्ता बीआर गुरुप्रसाद ने बयान जारी करते हुए कहा कि जीएसएलवी-एमके3 लॉन्च व्हीकल (रॉकेट) में खामी आने की वजह से लॉन्चिंग रोक दी गई है। लॉन्चिंग की अगली तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक इसरो वैज्ञानिकों द्वारा अंतिम क्षणों में यह तकनीकी कमी का पता लगा लेना बड़ी और अहम राहत भरी खबर है। अगर इस कमी के साथ रॉकेट छूटता तो बड़ा हादसा हो सकता था। यह वैज्ञानिकों की महारत है कि उन्होंने गलती खोज ली है। इस कमी को जल्द ही दूर कर लॉन्च की नई तारीख की घोषणा की जाएगी।