मिर्ज़ापुर: सोनभद्र हत्याकांड में घायल लोगों से ट्रामा सेंटर में मिलने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को इस हत्याकांड में पीड़ित परिजनों से मिलने के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन मिर्जापुर में उनके काफिले को रोक लिया गया। तब से प्रियंका गांधी पीड़ितों के परिजनों से मिलने की जिद में धरने पर बैठ गई थीं। अब 26 घंटे बाद अपने धरने पर विराम लगाते हुए प्रियंका ने कहा है कि उनका मकसद पूरा हो गया है।
बता दें कि शनिवार को पीड़ित परिवारों के 15 सदस्य खुद प्रियंका से मिलने के लिए चुनार गेस्ट हाउस किले में पहुंचे थे, जहां केवल दो लोगों को ही प्रियंका से मिलने के लिए इजाजत दी गई। परिजनों से मिलने के बाद प्रियंका भावुक हो गई थीं। पीड़ित परिजनों से मिलने के बाद एक बार फिर प्रियंका धरने पर बैठ गई थीं। हालांकि, बहुत समझाने के बाद अब कांग्रेस महासचिव ने अपना धरना खत्म कर दिया है। धरना खत्म करने के बाद प्रियंका ने कहा कि उनका मकसद पूरा हो गया है।
#WATCH: Priyanka Gandhi Vadra met the family members of the victims of Sonbhadra firing incident that claimed lives of 10 people, in Chunar. pic.twitter.com/RhiLijLbm6
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 20, 2019
वहीं, शनिवार को कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रियंका गांधी से मुलाक़ात की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। प्रियंका से मिलने के लिए पहुँचने वाले कांग्रेस नेता राज बब्बर को वाराणासी एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया। राज बब्बर के साथ जीतिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, मुकुल वासनिक, राजीव शुक्ला, दीपेंद्र हुड्डा, प्रजानाथ शर्मा समेत कई कांग्रेसी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।