लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में जमीनी विवाद को लेकर हुए नरसंहार मामले में 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार हुए लोगों के नाम दीनानाथ, रामधनी, हरिश्चंद्र, फूलचंद्र और विजय है। इस नरसंहार में 10 लोगों की मौत हुई थी।
बता दें कि सोनभद्र नरसंहार मामले में अब तक कुल 34 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें से 16 लोग नामजद अभियुक्त हैं। इन नामजद अभियुक्तों में ग्राम प्रधान यज्ञ दत्त सिंह का नाम भी शामिल है। इस मामले में राज्य मानवाधिकार आयोग ने मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव (गृह) से 4 सप्ताह में रिपोर्ट भी मांगी है। इसके साथ ही आयोग ने कहा है कि यह भी तय किया जाना चाहिए कि आगे से इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए क्या रास्ते हो सकते हैं।
ये है पूरा मामला
सोनभद्र के घोरावल थाना क्षेत्र के मूर्तिया गांव में जमीन के लिए हुए खूनी संघर्ष में 10 लोगों की जान चली गई थीं। जानकारी के मुतबाकि, ग्राम प्रधान यज्ञ दत्त ने एक आईएएस अधिकारी से 100 एकड़ जमीन खरीदी थी। गांववाले इस जमीन पर कब्जा छोड़ने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना था कि वो लंबे समय से इस पर काम कर रहे हैं। इसी जमान को लेकर खूनी संघर्ष हुआ। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर को 15 से 20 ट्रैक्टर में ग्राम प्रधान यज्ञ दत्त के लोग भरकर आए और उन्होंने गांव वालों पर हमला कर दिया। इसके बाद ताबड़ताड़ फायरिंग से गांववालों को हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि कई घायल हो गए थे।