नई दिल्ली: देशभर में इस साल भारी बारिश से जल प्रलय के हालात बन गए हैं। भारी बारिश से देश की तकरीबन आधी आबादी को इस बार बाढ़ का दंश झेलना पड़ा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जिसके करण प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
इन दिनों दिल्ली से होकर बहने वाली यमुना नदी उफान पर है। यमुना नदी में आये उफान का कारण हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी है। साथ ही यमुना नगर कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश के कारण भी यमुना नदी का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में आने वाली संभावित बाढ़ को लेकर अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि बाढ़ से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है और स्थितियों पर बारीकी से नज़र रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से निपटने के लिए दिल्ली सरकार की ओर से 120 टेंट के इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यमुना नदी के किनारे रहने वाले लोगों से अपील की कि बिना घबराए किनारे के इलाकों से निकल कर खाली टेंट में आयें।