नई दिल्ली : देश में छाए आर्थिक मंडी को लेकर अब विपक्ष ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विपक्ष अब मोदी सरकार के उन दावों पर सवाल खड़े करने लगी है, जिसमें सरकार द्वारा अर्थव्यवस्था की बेहतरी की बातें कही जाती थी। इसी क्रम में अब वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने देश में छाई आर्थिक मंदी के लिए मोदी सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है।
मनमोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक मंदी मैन मेड क्राइसिस है, जो कुप्रबंधन के चलते पैदा हुई है। मनमोहन सिंह ने कहा कि पिछली तिमाही की जीडीपी ग्रोथ 5 पर्सेंट रही है, जिससे पता चलता है कि देश लंबे स्लोडाउन के दौर में है। भारत के पास ज्यादा तेज गति से ग्रोथ की क्षमता है, लेकिन मोदी सरकार के चौतरफा कुप्रबंधन से हालात बिगड़े हैं। उन्होंने आर्थिक मंदी के लिए नोटबंदी और GST को जिम्मेदार ठहराया।
मनमोहन सिंह ने कहा कि घरेलू मांग और उपभोग में ग्रोथ 18 महीने के निचले स्तर पर है। जीडीपी ग्रोथ भी 15 साल में सबसे कम है। इसके अलावा टैक्स रेवेन्यू में भी कमी है। छोटे से लेकर बड़े कारोबारियों तक में टैक्स टेररिज्म का खौफ है।’ इन्वेस्टर्स में भी आशंका का माहौल है और ऐसे संकेतों से पता चलता है कि इकॉनमी की रिकवरी अभी संभव नहीं है।