Padmaavat के बाद अब Panipat पर विवाद, महराजा सूरजमल के गलत चित्रण का आरोप
नई दिल्ली : अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor), संजय दत्त (Sanjay Dutt) और कृति सेनन (Kriti Sanon) की फिल्म पानीपत (Panipat) विवादों में घिर चुकी है। फिल्म में कथित तौर पर ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ और भरतपुर महाराज सूरजमल जाट का गलत चित्रण किये जाने का आरोप है, जिसके खिलाफ राजस्थान के जाटों ने जमकर विरोध किया और फिल्म को पर्दे से उतारने की मांग की।
Panipat पर फिर सुलगा राजस्थान
साल 2017 की तरह राजस्थान (Rajasthan) एक फिर सुलग उठा है। सिनेमा घरों के बाहर हंगामा और अंदर तोड़-फोड़ का माहौल है। कहीं पोस्टर्स चलाए जा रहे हैं, तो कहीं चीजें तोड़ी-फोड़ी जा रही है। यानि हर तरफ गुस्सा और आक्रोश है। ये गुस्सा फिल्म पानीपत को लेकर है। साल 2017 में जिस तरह फिल्म पद्मावत को लेकर राजपूतों ने रोष दिखाया, ठीक उसी तरह का गुस्सा जाट समाज में भी देखने को मिल रहा है।
Panipat में भरतपुर के महाराजा सूरजमल के गलत चित्रण का आरोप
बताया जा रहा है कि फिल्म पानीपत में कथित तौर पर भरतपुर के महाराजा सूरजमल को लालची प्रवृति का दिखाया गया, जिसके खिलाफ पूरा जाट समाज इकट्ठा हो चुका है। राजस्थान के कई सिनेमाघरों के बाहर लोगों ने पानीपत के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। जयपुर में आईनोक्स सिनेमा के बाहर गुस्साए लोगों ने फिल्म का पोस्टर जलाया, सिनेमाघरों के भीतर घुसकर तोड़-फोड़ और जमकर हंगामा भी किया और फिल्म को पर्दे से उतारने की मांग की।
Panipat : राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने भी जताई नाराजगी
फिल्म में भरतपुर महाराज के गलत चित्रण और ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ के खिलाफ राजस्थान के सभी बड़े नेताओं ने मेकर्स की निंदा की है। जाट समाज के समर्थन में राजस्थान ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी सामने आए। गहलोत ने महाराजा सूरजमल को तेजस्वी राजा बताते हुए उनके गलत चित्रण करने पर फिल्म निर्माताओं की निंदा की, साथ ही सेंसर बोर्ड और फिल्म निर्माओं से विवादित सीन को हटाने की मांग की।
वहीं भरतपुर शाही परिवार के सदस्य और पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र प्रताप सिंह ने भी फिल्म में महाराजा सूरजमल को लालची दिखाने पर नाराजगी जताई। उन्होनें कहा कि फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड की गयी। भरतपुर के महाराजा सूरजमल जाट जैसे महान पुरूष का चित्रण ‘पानीपत‘ फिल्म में बेहद गलत तरीके से किया गया है।
वहीं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी फिल्म के विवादित सीन के खिलाफ विरोध जताया है। वसुंधरा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि स्वाभिमानी, निष्ठावान और हृदय सम्राट महाराजा सूरजमल का फ़िल्म निर्माता द्वारा फ़िल्म पानीपत में किया गया ग़लत चित्रण निदंनीय है।
Panipat का वो सीन जिसपर मचा है बवाल
अब आपको बतातें है फिल्म ‘पानीपत’ के किस सीन को लेकर इतना बड़ा विवाद हुआ है। दरअसल फिल्म के एक सीन में महाराजा सूरजमल, मराठा पेशवा सदाशिव राव से इमाद को दिल्ली का वजीर बनाने और आगरा का किला उन्हें सौंपनें की मांग करते हैं। इस पर पेशवा सदाशिव आपत्ति जताते हैं, जिसके बाद सूरजमल भी अहमदशाह अब्दाली के खिलाफ युद्ध में साथ देने से इनकार कर देते हैं। वहीं इतिहासकारों के मुताबिक आगरा का किला तो पहले ही जाट रियासत के अधीन था, ऐसे में महाराजा सूरजमल जाट की छवि खराब करने के खिलाफ जाट समाज ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और सिनेमाघरों से फिल्म को उतारने की मांग उठने लगी है।