Coronavirus पर कैबीनेट की बैठक
नई दिल्ली- सरकार ने चीन में कोरोना वायरस (Coronavirus) से प्रभावित चीन के वुहान शहर से भारतीय नागरिकों को बाहर निकालने के लिए तैयारी करने का फैसला किया। कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला किया गया। बैठक में चीन में कोरोना वायरस के संक्रमण से पैदा हालात की समीक्षा की गई।
Coronavirus से अब तक 80 लोगों की मौत
अधिकारियों ने बताया कि विदेश मंत्रालय वुहान से भारतीयों को बाहर निकालने को लेकर चीनी अधिकारियों से कहेगा चीन में कोरोनावायरस (Coronavirus) के संक्रमण की वजह से अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि जहाजरानी मंत्रालय उन अंतरराष्ट्रीय बंदरगाहों पर लोगों की जांच आरंभ करेगा जहां चीन से लोग आते हैं।
बैठक में कैबिनेट सचिव को बताया गया कि कल तक 137 विमानों में सवार 29707 यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई है। 12 यात्रियों के नमूने पुणे भेजे गये हैं। अब तक किसी व्यक्ति में वॉयरस के लक्षण नहीं पाये गये हैं। हुबेई यूनिवर्सिटी में अब भी 300 भारतीय स्टूडेंट्स फंसे हुए हैं।
भारतीय स्टूडेंट्स वुहान में फंसे
इनमें से करीब 100 स्टूडेंट्स गुजरात के हैं। सभी मेडिकल के अलग अलग कोर्सेस की पढ़ाई कर रहे हैं। वायरस फैलने से रोकने के लिए चीनी सरकार ने वुहान से चीन और दुनिया के अन्य भागों में जाने वाले यातायात के साधनों पर रोक लगा दी है। ऐसे में भारतीय स्टूडेंट्स वुहान में ही फंस गए हैं। उनके परिवार वाले परेशान हैं। चीन के वुहान में फंसे भारतीय स्टूडेंट्स के परिवार वालों ने विदेश मंत्रालय से मदद मांगी है।
Coronavirus से मौत का आंकड़ा बढ़ा
कोरोना वायरस से मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। चीन में अब तक 106 लोगों की मौत हुई है जबकि 1300 नए मामले सामने आए हैं। सेंट्रल हुबेई प्रांत में स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि 24 और लोगों की मौत वायरस से हुई है और 1,291 लोग संक्रमित हुए हैं। अभी तक 4000 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। चीन से निकलकर कोरोना वायरस दूसरे देश में पांव पसार रहा है। अमेरिका, हांगकांग, मकाऊ, ताईवान और भारत के बाद अब श्रीलंका में भी कोरोना वायरस के संदिग्ध मिले हैं।