लखनऊ : मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के करीबी और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के दिग्गज नेताओं में शुमार पारसनाथ यादव (Parasnath Yadava) का आज निधन हो गया। वो 71 साल के थे। जानकारी के मुताबिक वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे और आज जौनपुर (Jaunpur) स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम साँस ली। पारसनाथ यादव के राजनीतिक दबदबे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वो 3 बार मंत्री, 2 बार सांसद और 7 बार विधायक रहे। पारसनाथ यादव के निधन (Parasnath Yadava Death) से समाजवादी पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है।
Parasnath Yadava Death : शिवपाल यादव ने जताया दुःख
पूर्व सपा नेता और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (Pragatisheel Samajwadi Party) के अध्यक्ष शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) ने ट्वीट कर पारसनाथ यादव के निधन की सुचना दी। शिवपाल यादव ने उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि “वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री व विधायक पारस नाथ यादव जी के निधन की खबर से स्तब्ध और दुःखी हूं। यह समाजवादी आंदोलन और मेरी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।”
प्रोस्टेड की समस्या से ग्रसित थे पारसनाथ यादव
जानकारी के मुताबिक पूर्व कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव प्रोस्टेड की समस्या से ग्रसित थे और इसके कारण उनके दाहिने पैर में सूजन रहता था। पारसनाथ को यूरिनेशन में भी समस्या थी और इसके इलाज़ के सिलसिले में वो मुंबई गए थे, जहाँ कोकिलाबेन हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। कोरोना महामारी के कारण वह कुछ दिन पहले मुंबई से जौनपुर वापस लौट आए थे। बीते 7 जून को शिवपाल यादव ने उनसे उनके आवास पर मुलाकात भी की थी। वहीं अब उनके निधन की सुचना से सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
सपा नेताओं ने दी विनम्र श्रद्धांजलि
सपा से जुड़े नेता और कार्यकर्ता दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने लिखा, “पारस नाथ यादव जी के निधन पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।” उधर सैयद अब्बास अली जैदी लिखा कि ” समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता, हम सब के आदरणीय पूर्व सांसद पूर्व कैबिनेट मंत्री आदरणीय पारसनाथ यादव जी के निधन से हम सबने एक सरपरस्त, एक संघर्शील नेता और एक बेहतरीन वक्ता खो दिया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”