उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश पुलिस में दारोगा बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में आरक्षी भर्ती के बाद अब युवाओं को उपनिरीक्षक व समकक्ष पदों पर भर्ती का बड़ा मौका मिलने जा रहा है। पुरुष और महिलाओं के लिए उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, पुरुषों के लिए प्लाटून कमांडर पीएसी व अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के कुल 9534 पदों पर सीधी भर्ती 2020-21 के लिए एक अप्रैल से आवेदन किए जा सकेंगे।
सब इंस्पेक्टर के पद पर भर्तियां-
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने गुरुवार को यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के 9534 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। कुल पदों में 3613 पद अनारक्षित हैं। 902 पद ईडब्ल्यूएस, 2437 पद ओबीसी, 1895 एससी, 180 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इन पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया एक अप्रैल, 2021 से शुरू होगी और 30 अप्रैल, 2021 तक आवेदन किया जा सकेगा।
लिखित परीक्षा की तैयारी-
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा के अनुसार यूपी पुलिस के इतिहास में उपनिरीक्षक व समकक्ष पदों पर यह सबसे बड़ी भर्ती होगी। पिछली दारोगा भर्ती करीब तीन हजार पदों की हुई थी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी 30 अप्रैल की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क 400 रुपये निर्धारित किया गया है। भर्ती बोर्ड मई के अंतिम सप्ताह से जून के प्रथम सप्ताह के मध्य दारोगा भर्ती की लिखित परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। डीजीपी मुख्यालय के अधियाचन पर भर्ती बोर्ड ने विज्ञप्ति जारी कर दी है।
इन पदों पर होगी भर्ती-
भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के कुल 9027 पदों पर भर्ती होगी, जिसमें अनारक्षित श्रेणी के 3616, ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर) श्रेणी के 902, अन्य पिछड़ा वर्ग के 2437, अनुसूचित जाति के 1895 व अनुसूचित जनजाति के 180 पद शामिल हैं। प्लाटून कमांड, पीएसी के कुल 484 पदों पर भर्ती होगी, जिसमें अनारक्षित श्रेणी के 194, ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर) श्रेणी के 48, अन्य पिछड़ा वर्ग के 131, अनुसूचित जाति के 101 व अनुसूचित जनजाति के 10 पद शामिल हैं।