जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार देखने को मिला है। यहां AQI बहुत खराब से खराब की स्थिति में आ गया है। यानि अभी हवा की गुणवत्ता में सुधार आना बाकी है। बुधवार सुबह 9 बजे की बात करें तो दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 236 पर रहा। जबकि मंगलवार को शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 255 था।
दिल्ली से सटे फरीदाबाद, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और नोएडा में भी वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है। फरीदाबाद में AQI 190, गाजियाबाद में AQI 220, ग्रेटर नोएडा में AQI 136, गुरुग्राम में AQI 184 और नोएडा में AQI 180 दर्ज किया गया है। अच्छा AQI शून्य से 50 के बीच माना जाता है। 100 तक AQI संतोषजनक होता है। जबकि 101 से 200 के बीच ये ‘मध्यम’ होता है। 201 से 300 के बीच ये ‘खराब’ की स्थिति में आ जाता है। 301 से 400 के बीच ये ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 तक के AQI ‘गंभीर’ माना जाता है।
मौसम विज्ञान एक्सपर्ट की मानें तो दिल्ली और आस पास के इलाकों में हवा की क्वालिटी सुधरने की दिशा में है। यह बारिश और पश्चिमी विक्षोभ पर भी निर्भर करता है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के बाद दिल्ली, यूपी हरियाणा और इन्य इलाकों की आबोहवा में सुधार हुआ है।