जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: साउथ सिनेमा के एक्टर धनुष और रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या 18 साल बाद अलग हो गए हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पोस्ट में अपने तलाक की जानकारी दी। धनुष-ऐश्वर्या के तलाक की खबरें सुन फैंस को तगड़ा झटका लगा है। इससे पहले साउथ एक्टर नागा चैतन्य और सामंथा रुथ प्रभु के अलग होने से फैंस हारान थे।
धनुष ने ऐश्वर्या के साथ रिश्ता टूटने की जानकारी सोशल मीडिया पर देते हुए लिखा, हमने 18 साल तक दोस्ती, कपल, पेरेंट्स और एक दूसरे के शुभ चिंतक बन कर ग्रोथ, समझदारी और साझेदारी का लंबा सफर तय किया। आज हम जिस जगह खड़े हैं, वहां से हम दोनों की राहें जुदा हो रही हैं। मैंने और ऐश्वर्या ने एक कपल के तौर पर अलग होने का फैसला किया है। हम खुद को बेहतर समझने के लिए वक्त देना चाहते हैं। हमारे फैसले का सम्मान करें और हमारी प्राइवेसी का ध्यान रखें।
वहीं, ऐश्वर्या ने इंस्टाग्राम पर इसी तरह का एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- कैप्शन की कोई जरूरत नहीं है…सिर्फ आपकी समझ और आपके प्यार की जरूरत!
2004 में हुई थी शादी
धनुष और ऐश्वर्या ने 18 नवंबर 2004 को शादी रचाई थी। ऐश्वर्या साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की सबसे बड़ी बेटी हैं। जबकि धनुष जाने माने प्रोड्यूसर कस्तूरी राजा के बेटे हैं। धनुष और ऐश्वर्या के दो बेटे हैं जिनका नाम यात्रा और लिंगा है। धनुष ने ऐश्वर्या के डायरेक्शन में बनी पहली फिल्म ‘3’ में काम किया है। इन फिल्म का गाना ‘कोलावेरी डी’ 2011 का सबसे बड़ा हिट सॉन्ग था।