जनतंत्र डेस्क,नई दिल्ली: केदारघाटी में खराब मौसम के चलते प्रशासन ने तत्काल यात्रा पर रोक लगा दी है। बता दें सोमवार सुबह केदारघाटी में अचानक तेज बारिश और घना कोहरा छा गया। जिसके कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तुरन्त यात्रा पर रोक लगा दी।
सोमवार सुबह 8 बजे लगभग 8530 यात्रियों को सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए रवाना किया गया था लेकिन इसके बाद केदारनाथ में तेज बारिश और घना कोहरा छा गया। प्रशासन ने इसके प्रभाव से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरन्त यात्रा पर रोक लगा दी। इस दौरान रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक जगह-जगह 5000 यात्रियों को रोका गया तो वहीं, गौरीकुंड में 3200 और सोनप्रयाग में 2000 यात्रियों को रोका गया।
पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि तेज बारिश के चलते यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर और मौसम विभाग के अलर्ट पर तैयारी शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि जिन यात्रियों ने अपने कमरे बुक कर रखे हैं वो अगले आदेश तक अपने कमरे में ही रहें। वहीं, जिन यात्रियों ने अपने लिए कमरे या होटल बुक नहीं किए है उन्हें होटल, लॉज, रेस्टोरेंट, धर्मशाला भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
सुबह 9 बजे के बाद हल्की बारिश के दौरान पुलिस और अन्य सुरक्षा जवानों की मौजूदगी में धीरे-धीरे यात्रियों को सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए नहीं रवाना किया गया। इस दैरान जहां बारिश तेज हो रही थी। वहां- वहां यात्रा को रोक दिया जा रहा था।
प्रशासन के अनुसार दोपहर के बाद पैदल मार्ग से 45 फीसदी से ज्यादा यात्री सकुशल यात्री धाम पहुंच गए थे ।
हेलिकॉप्टर उड़ान पर भी लगी रोक
खराब मौसम के चलते केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी व्यापक रूप से प्रभावित रही। सोमवार सुबह 7 बजे से 7.35 तक गुप्तकाशी, मैखंडा सहित अन्य हेलीपैड से हेलीकॉप्टरों ने केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन इसके बाद तेज बारिश और कोहरा होने के कारण दोपहर के बाद से हेली सेवा बंद कर दी गयी।