जनतंत्र डेस्क Kerala: केरल में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां बारिश के बाद मची तबाही में लगभग 9 लोगों की जान चली गई। जबकि कई लोग लापता हैं। बारिश का कहर दक्षिण और मध्य केरल में ज्यादा देखा जा रहा है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं की वजह से यहां तबाही की स्थिति बनी है। कोट्टायम जिले के कुट्टीकल में तबाही का मंजर नजर आ रहा है। बारिश के कारण लैंंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं।
Kerala: CM पिनरई वियजन ने की आपात बैठक
केरल में भारी बारिश से मची तबाही के बाद सीएम पिनरई विजयन ने इमरजेंसी बैठक की। बैठक के बाद पिनरई विजयन ने जानकारी देते हुए कहा कि ‘हमने आर्मी, नेवी, एयरफोर्स से मदद मांगी है। प्रभावित जिलों में रिलीफ कैंप लगा दिए गए हैं।’ बारिश के कारण सबसे ज्यादा कोट्टायम, इडुक्की, पथानामथित्ता जिले प्रभावित हुए हैं। इन जगहों पर कई गांव और कस्बे बाकी जगहों से कट से गए हैं। वहीं, कूटिकल में हुए भूस्खलन में दो परिवारों के 12 लोग तबाही का शिकार हो गए। जिनमें से 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लापता हैं।
केरल के 5 जिलों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। हालात इतने खराब हो गए हैं कि नेवी को मोर्चा संभालना पड़ा। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कोट्टायम के कुट्टिकल में फंसे परिवारों को एयरलिफ्ट करने के लिए नौसेना से सहायता मांगी थी। जिसके बाद नेवी की टीम राहत कार्य में जुट गई। वहीं, पथनमथिट्टा में भारी बारिश के कारण स्कूल की दिवार गिर गई। प्रशासन ने कोट्टायम, पथनमथिट्टा, एर्णाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 7 जिले ऐसे हैं, जहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।