नई दिल्ली: Afghanistan Crisis: तालिबान द्वारा कब्ज़ा किए जाने के बाद से अफगानिस्तान के हालात बेहद खराब हो गए हैं। अफगानिस्तान से भारतीयों को सुरक्षित निकालना एक महत्त्वपूर्ण मुद्दा बन गया है। आज सुबह भारतीय NSA और अमेरिकी NSA के बीच इस मुद्दे पर बातचीत हुई। आपको बता दें कि भारतीय NSA अजीत डोभाल ने अफगानिस्तान में फँसे भारतीय नागरिकों और अधिकारियों को सुरक्षित निकालने के मुद्दे पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें – Afghanistan Crisis: भारतीय दूतावास पर थी तालिबान की नज़र, भारत ने स्टाफ को सुरक्षित निकाला, जानें कैसे?
Afghanistan Crisis: दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच भी हुई चर्चा
बता दें कि इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ अफगानिस्तान की स्थिति पर वार्ता की थी। एस. जयशंकर ने तालिबान के कब्ज़े वाले देश में प्रत्यक्ष हितों वाले विदेश मंत्रियों से फोन कॉल के ज़रिए बात की थी। कॉल के बाद एस. जयशंकर ने ट्वीट किया कि अफगानिस्तान में नवीनतम घटनाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने “काबुल में हवाईअड्डे के संचालन को बहाल करने की ज़रूरतों के बारे में बताया। इस संबंध में चल रहे अमेरिकी प्रयासों की गहराई से सराहना करते हैं।”
Afghanistan Crisis: राजदूत और अन्य स्टाफ को देश वापस लाया गया
आज सुबह भारतीय वायुसेना का एक विमान काबुल से भारतीय राजदूत और अन्य स्टाफ को लेकर भारत के लिए रवाना हुआ। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि काबुल में मौजूदा हालात के मद्देनजर भारत के राजदूत और उनके भारतीय स्टाफ को तत्काल देश वापस लाने का निर्णय लिया गया है। भारतीय वायुसेना का C-17 विमान सोमवार को कुछ कर्मचारियों को लेकर भारत लौटा था और आज दूसरा विमान भी भारत आ रहा है।