जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: 26 जनवरी को दिल्ली के विवेक विहार में महिला के साथ हुई हैवानियत के मामले में दिल्ली पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला के साथ गैंगरेप के बाद मारपीट, जूतों की माला पहनाकर और मुंह काला करके घुमाने के जघन्य मामले में आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सात महिलाएं भी शामिल हैं।
Delhi: गणतंत्र दिवस पर महिला के साथ हैवानियत: गैंगरेप के बाद मुंह काला कर सिर मुंडवाया, चप्पलों की माला पहनाकर घुमाया
पीड़िता के साथ गैंगरेप के बाद बदसलूकी मामले में पुलिस ने 2 नाबालिगों को भी पकड़ा है। घटना के जो वीडियो सामने आए हैं उनके आधार पर नाबालिग भी महिला को पीट रहे थे और वहां मौजूद औरतें पीड़िता के बाल काट रही थीं। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बताया कि महिला को घर से शराबियों ने किडनैप किया था। फिर उसका सामुहिक रेप किया गया। पीड़िता के बयान के मुताबिक, जब उसका यौन उत्पीड़न किया जा रहा था। तब वहां मौजूद औरतें पुरुषों को उकसा रही थी।
पुलिस टीमें कर रही छापेमारी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश में पांच टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं, पीड़ित महिला की काउंसिलिंग करवाई जा रही है। जब पीड़िता अपनी मां के घर थी तब उसका किडनैप किया गया था। पुलिस हिरासत में बंद आरोपियों ने बयान दिया कि, उनका मकसद महिला का यौन उत्पीड़न कर उसे सार्वजनिक रूप से बदनाम करने का था।
पुलिस ने इस मामले में अपहरण और सामुहिक दुष्कर्म की धाराओं सहित भारतीय दंड संहिता की धाराएं जोड़ी हैं। इसके अलावा पुलिस ने पीड़िता के परिवार को सुरक्षा भी मुहैया कर दी है।
गणतंत्र दिवस के दिन महिला के साथ हुई दरिंदगी की वारदात पर स्वाति मालीवाल के बाद अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उपराज्यपाल से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।