जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए भारतीय मूल के पराग अग्रवाल को कंपनी की सीईओ नियुक्त कर दिया। सोमवार 29 नवंबर को जैक डोर्सी ने इसकी घोषणा की। पराग को ट्विटर का सीईओ बनाए जाने से इंडियन्स काफी एक्साइटेड हैं। वहीं, टेस्ला के CEO एलन मस्क ने भी पराग अग्रवाल की तारीफ की है।
37 साल के पराग अब दुनिया की टॉप 500 कंपनियों के सबसे युवा CEO बन गए हैं। स्ट्राइप कंपनी के CEO और को-फाउंडर पैट्रिक कोलिसन ने पराग अग्रवाल को बधाई देते हुए लिखा, “गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अडोबी, IBM, पालो आल्टो, नेटवर्क्स और अब ट्विटर के CEO भारत में ही पले-बढ़े हैं। टेक की दुनिया में भारतीयों की आश्चर्यजनक सफलता को देखकर खुशी हो रही है। बधाई हो पराग।”
पैट्रिक कोलिसन के ट्वीट पर एलन मस्क ने रिप्लाई करते हुए लिखा कि, भारतीय टैलेंट से अमेरिका को काफी फायदा हुआ है।
सिंगर श्रेया घोषाल ने दी बधाई
सिंगर श्रेया घोषाल ने भी पराग अग्रवाल को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बधाई पराग, तुम पर गर्व है!! हमारे लिए ये बड़ा दिन है, इस खबर का जश्न मना रहे हैं। आपको बता दें, पराग बॉलीवुड सिंगर श्रेया घोषाल के बचपन के दोस्त हैं।
दुनिया की बड़ी कंपनियों में भारतीय
दुनिया की कई बड़ी कंपनियों में भारतीय मूल के CEO हैं। माइक्रोसॉफ्ट में सत्या नडेला, गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट में सुंदर पिचाई, अडोब में शांतनु नारायण, IBM में अरविंद कृष्णा, VMWare में रघु रघुराम के बाद अब ट्विटर में पराग अग्रवाल CEO बने हैं।
2006 में हुई थी ट्विटर की स्थापना
डोर्सी ने अपने तीन साथियों के साथ 21 मार्च 2006 को सैन फ्रांसिस्को में ट्विटर की स्थापना की थी। इसके बाद वे सबसे बड़े टेक्नोलॉजी इंटरप्रेन्योर्स में से एक बन गए थे।