जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: चीनी मीडिया की ओर से गलवान घाटी में चीन के राष्ट्रीय ध्वज को दिखाए जाने के बाद अब भारतीय सेना ने नई तस्वीर जारी कर ऐसी खबरों का खंडन किया है। भारतीय सेना और समाजार एजेसी एएनआई ने गलवान की तस्वीरें जारी की। जिनमें भारतीय जवान हाथ में तिरंगा लेकर गलवान में नजर आ रहे हैं। जिस पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी है।
गलवान घाटी में तिरंगा फहराए जाने पर राहुल गांधी ने कहा, भारत की पवित्र भूमि पर हमारा तिरंगा ही अच्छा लगता है।
दरअसल, नए साल के मौके पर खबरें थी कि, गलवान घाटी में चीन ने अपना राष्ट्रीय झंडा फहराया है। चीनी मीडिया की ओर से इसे खूब प्रसारित भी किया गया। चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स ने भी तस्वीर जारी कर चीनी झंडा फहराए जाने का दावा किया था। जिसके बाद राहुल गांधी मोदी सरकार पर हमलावर हो गए थे।
भारतीय सेना की ओर से तिरंगे की तस्वीरें जारी होने के बाद केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ट्वीट कर राहुल गांधी पर निशाना साधा था। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा था, राहुल जी, चुप्पी तोड़ो। जिसके बाद राहुल गांधी का रिएक्शन आया।
विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने भी गलवान में तिरंगा फहराए जाने की तस्वीरें रिट्वीट करते हुए कहा था, नए साल के मौके पर भारतीय सेना के जवानों ने गलवान घाटी पर तिरंगा फहराया।