Pakistan News : पाकिस्तान सेना ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के सामने स्थित भारतीय चौकियों पर शनिवार (26 अप्रैल) की रात को गोलीबारी की। भारतीय सेना ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। जानकारी के मुताबिक, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
लगातार ताबड़तोड़ एक्शन में भारतीय सेना
ये गोलीबारी ऐसी तनावपूर्ण स्थिति में हुई है जब पहलगाम हमले को लेकर पूरा देश आक्रोश में है। पाकिस्तान लगातार अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। इस हमले के लिए पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया गया है, जबकि पाकिस्तान ने किसी भी संलिप्तता से इंकार किया। साथ ही पाकिस्तान ने हमले की जांच में शामिल होने के निर्देश भी दे दिए है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से भारतीय सेना लगातार एक्शन में है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पहलगाम आतंकी हमला
पहलगाम आतंकी हमला 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। यह हमला पर्यटकों पर हुआ था, जो ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कहे जाने वाले बैसरन घास के मैदान में घूम रहे थे। 26 लोग मारे गए, जिनमें दो विदेशी और दो स्थानीय नागरिक शामिल हैं। पाकिस्तान में स्थित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के छद्म संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने हमले की जिम्मेदारी ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की कड़ी निंदा की और दोषियों को सख्त सजा देने का आश्वासन दिया।
भारत का पाकिस्तान पर वार
पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। इनमें से कुछ प्रमुख कदम इस प्रकार हैं
- सिंधु जल संधि पर रोक: भारत ने पाकिस्तान को दिए जाने वाले पानी पर रोक लगा दी है।
- अटारी बॉर्डर का चेक पोस्ट बंद: भारत ने अटारी बॉर्डर के चेक पोस्ट को बंद कर दिया है।
- पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द: भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के SAARC वीजा रद्द कर दिए हैं।
- रक्षा सलाहकारों को वापस बुलाया: भारत ने अपने रक्षा सलाहकारों को पाकिस्तान से वापस बुलाया है।
- उच्चायोगों की स्टाफ संख्या घटाई: भारत ने पाकिस्तान के उच्चायोग में स्टाफ की संख्या 55 से घटाकर 30 कर दी है।