लखनऊ : सपा सांसद आज़म खान के समर्थन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रामपुर का दौरा करने वाले थे, लेकिन प्रशासन ने मुहर्रम का हवाला देते हुए उनके रामपुर दौरे को रद्द कर दिया है। दौरा रद्द होने के बाद अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि मैंने अपने रामपुर दौरे का विवरण जिला प्रशासन को दे दिया था, लेकिन जिला प्रशासन ने डीएम ने मोहर्रम का हवाला दिया और कार्यक्रम की व्यवस्था नहीं कर पाए, जिसके कारण दौरा रद्द करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनज़र वो अब 13 और 14 सितंबर को रामपुर का दौरा करेंगे, जिससे संबंधित सारे विवरण जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाए जायेंगे। उन्होंने प्रशासन पर तंज़ कसते हुए कहा कि ऐसा लग रहा कि हम दंगा कराने जा रहे हैं, इसीलिए हमारा दौरा रद्द किया गया। उन्होंने रामपुर के डीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि वो सरकार को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगला विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी अकेले दम पर लड़ेगी। बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा ने कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जबकि 2019 का लोकभा चुनाव सपा और बसपा ने साथ मिलकर लड़ा था। हालाँकि दोनों ही चुनावों में सपा को नुकसान उठाना पड़ा था।