नई दिल्ली-महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी उठापटक तेज है। वहीं आज अमित शाह ने सांगली में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा है। अमित शाह ने कहा कि हमने जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाकर देश को एक करने का काम किया है।
जबकि कांग्रेस और NCP ने हमारा विरोध किया। अमित शाह ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और NCP का कहना था कि कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी। राहुल गांधी ने भी यही कहा था। पांच अगस्त 2019 को आर्टिकल 370 हटाया गया है और अब 5 अक्टूबर भी बीत गई है। खून की नदियां तो छोड़िए कश्मीर में एक गोली भी नहीं चलानी पड़ी है।
अमित शाह ने लोकसभा चुनाव की याद दिलाते हुए कहा कि अभी-अभी लोकसभा का चुनाव हुआ है। जिसमें महाराष्ट्र की जनता ने मोदी जी की झोली में कमल ही कमल भर दिए।इसके कारण ही मोदी जी प्रधानमंत्री बने और 300 से ज्यादा सीटों के साथ बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी।