लोकसभा विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लिया है। रायबरेली में एक रैली में राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि विदेश मत जाओ, सोना मत खरीदो, इलेक्ट्रिक वाहन खरीदो। आने वाले समय में किसानों के पास खाद नहीं होगी।
इसके साथ ही उन्होंने एक्स के जरिए भी पीएम मोदी को निशाने पर लिया। राहुल ने लिखा- आर्थिक तूफान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं! किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं – PM हंसकर रील बना रहे हैं, और BJP वाले ताली बजा रहे हैं।यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।
देखिए कुछ महीनों में महंगाई कहां तक पहुंचती है, पेट्रोल, डीजल, तेल, गैस, दालों और चावल की कीमतें कहां तक जाती हैं। प्रधानमंत्री खुलेआम कहते हैं कि सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, और वे खुद हजारों करोड़ रुपये के विमानों से विदेश जाते हैं। साथ ही राहुल गांधी ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह \’गद्दार\’ हैं।
उन्होंने कहा, आने वाले महीनों में महंगाई तेजी से बढ़ेगी। पेट्रोल, डीजल, गैस, अनाज, हर चीज की कीमतें बढ़ेंगी। उन्होंने पीएम मोदी की इस बात के लिए आलोचना की कि विदेश यात्रा न करने की अपील के तुरंत बाद ही वे पांच देशों के दौरे पर चले गए। राहुल गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आर्थिक व्यवस्था को बेच दिया है। उन्होंने भारत की आर्थिक व्यवस्था अंबानी, अडानी और अमेरिका के हवाले कर दी है।
उन्होंने कहा, इसमें लिखा है कि भारत सबका है, किसी जाति, व्यक्ति, अरबपति या संगठन का नहीं। उन्होंने कहा कि अंबेडकर, वीर पासी और महात्मा गांधी को याद करना तभी सार्थक है जब उनकी विचारधारा की रक्षा की जाए।राहुल ने कहा कि भारत के समानता और न्याय के आदर्शों की रक्षा सामूहिक रूप से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के वीर पासी, अंबेडकर और गांधी आप लोगों में से ही निकलेंगे। वे आसमान से नहीं आएंगे।