दिल्ली के यमुनापार में बदमाश किस कदर बेखौफ हो चुके हैं, इसका अंदाजा शुक्रवार देर रात उत्तर पूर्वी दिल्ली के मौजपुर इलाके में हुई वारदात से लगाया जा सकता है। दरअसल कुछ बदमाशों ने एक कैफे में जाकर युवक पर गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। वारदात के कुछ देर बाद ही मुख्य आरोपी ने इंस्टाग्राम पर विडियो पोस्ट कर दिया। इसमें वह बता रहा है कि जो भी किया है उसने ही किया है, उसके पिता या दोस्त का उससे कोई लेना-देना नहीं है। वह रंजिश में हत्या करने की बात कह रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया, आरोपी फैजान उर्फ फज्जी को मारने ही आए थे। क्योंकि उन्होंने एक गोली उसके सिर में मारी, जबकि दो उसके सीने में मारी। इसके बाद वे वहां से फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि फज्जी ने आरोपी को कुछ रुपये उधार दिए थे। जो वह वापस नहीं लौटा रहा था। साथ ही उनके बेटे ने कुछ महीनों पहले ही आरोपी को दो थप्पड़ मार दिए थे। इस बात पर आरोपी और उसका पिता दोनों ही उससे रंजिश रखने लगे थे। दोनों ने पहले ही परिवार को चेताया था कि उनके बेटे के पास ज्यादा समय नहीं बचा है। कई बार समझौता करने का प्रस्ताव भी दिया गया था, लेकिन वो नहीं माना।
पुलिस के मुताबिक, मरने वाला फैजान उर्फ फज्जी (24) है। वह वेलकम की जनता मजदूबर कॉलोनी में रहता था। कल यानि शुक्रवार रात 10.28 बजे वेलकम पुलिस को मौजपुर में ‘मिस्टर किंग लाउंज एंड कैफे’ में गोलियां चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो फज्जी वहां घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। साथ ही वेलकम थाने में हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक्टिव था। डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट, आशीष मिश्रा ने कहा, शुक्रवार देर रात कैफे में गोलीबारी की सूचना मिली थी। फैजान की मौत हो गई है। वेलकम थाने में हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।





































