राजधानी दिल्ली में संपन्न हुए ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट‘ में हुए हंगामे ने अब एक बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए कांग्रेस पार्टी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। मेरठ की एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने दो टूक कहा कि कांग्रेस ने अपनी “नंगी राजनीति” के लिए देश के सम्मान को दांव पर लगा दिया है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज जब भारत टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है, तो कुछ राजनीतिक दलों को यह हजम नहीं हो रहा है। पीएम मोदी ने जनता से संवाद करते हुए पूछा, “मेरठ के भाइयों-बहनों, दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ, क्या आपको इस पर गर्व नहीं हुआ? पूरी दुनिया भारत का लोहा मान रही है, लेकिन कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम भारत की इस बढ़ती साख से परेशान है।”
समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने बेहद सख्त लहजे का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस ने एक गरिमामय वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। विदेशी मेहमानों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर प्रदर्शन करने पहुँच गए। मैं उनसे पूछना चाहता हूँ—पूरा देश जानता है कि आप वैचारिक और नैतिक रूप से पहले से ही नंगे हैं, तो फिर दुनिया के सामने दोबारा कपड़े उतारने की क्या जरूरत थी?”
पीएम ने आरोप लगाया कि जब विदेशी डेलीगेट्स भारत की प्रगति देखने आए थे, तब कांग्रेस ने जानबूझकर ऐसा व्यवहार किया जिससे देश की छवि खराब हो। प्रधानमंत्री ने संदेश दिया कि एक तरफ सरकार देश को डिजिटल पावरहाउस बना रही है, वहीं विपक्ष केवल ‘नेगेटिव पॉलिटिक्स’ में उलझा है। पीएम ने मेरठ की रैली के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की कि जनता कांग्रेस के इन कृत्यों को देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।
बता दें कि ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी और अन्य मुद्दों को लेकर आयोजन स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी शर्ट उतार दी थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। भाजपा ने इसे ‘अशिष्ट आचरण’ करार दिया है, जबकि कांग्रेस इसे अपनी बात रखने का एक तरीका बता रही है।



















