सूर्य मर्डर केस में बड़ा एक्शन, आरोपी असद के घर पर चिपका दिया अवैध कब्जे का नोटिस

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में प्रशासन ने सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के घर के बाहर उप जिलाधिकारी द्वारा जारी नोटिस चस्पा किया है। अधिकारियों ने रविवार को ढोल बजवाकर और लाउडस्पीकर से पूरे इलाके में 15 दिन के भीतर अवैध कब्जा हटाने का अल्टीमेटम दिया। यह पुरानी संपत्ति असद के पिता के नाम पर पंजीकृत है, जिसे बेचे जाने की बातें कही जा रही थीं, लेकिन गाजियाबाद अथॉरिटी के अनुसार कागजों में यह अब भी पिता के नाम ही है। इस बीच, प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी नजर आ रही है और कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी है।

खोड़ा के नवनीत विहार में प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। एनकाउंटर में ढेर हो चुके मुख्य आरोपी असद के मकान पर नोटिस चिपकाकर अवैध निर्माण को खाली करने का सख्त आदेश दिया गया है। लाउडस्पीकर और ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे मोहल्ले में ऐलान किया गया कि अगर 15 दिनों में कब्जा नहीं हटाया गया, तो प्रशासन का बुलडोजर चलना तय है।

मौके पर गाजियाबाद के डीएम रविंद्र कुमार मादंड़ उनके साथ एडिशनल सीपी राज करन नैयर, डीसीपी धवल जसवाल और साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद है। खोड़ा को अपराध मुक्त बनाने के लिए तीन दिन तक ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाया जाएगा। हर गुंडा तत्व असामाजिक तत्व के घरों की तलाशी ली जाएगी। स्नाइपर डॉग ड्रोन कैमरा से छतों की निगरानी की जाएगी। इलाके के अपराधियों की अवैध संपत्तियां भी चिन्हित की जाएगी।

इस दुखद घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने पहुंची. यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें पूरी सुरक्षा और आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। मंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा कि अपराधियों और परिजनों को धमकाने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

28 मई को 17 वर्षीय सूर्या की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी असद के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सूर्या की मां और बहन ने प्रतिक्रिया देते हुए इस कार्रवाई को उचित ठहराया। हालांकि, उन्होंने मांग की है कि इस साजिश में कई लोग शामिल थे, इसलिए शेष आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी संपत्तियों पर भी बुलडोजर चलाया जाए।

Scroll to Top