होली पर रंगों की खुमारी के साथ-साथ अब दिल्लीवालों के लिए ‘रूहानी’ खुशी का इंतजाम भी हो गया है। अगर आप इस चिंता में थे कि त्योहार के दिन ठेके बंद रहेंगे और स्टॉक पहले से जमा करना पड़ेगा, तो अब चैन की सांस लीजिए। दिल्ली सरकार ने शराब के शौकीनों को बड़ा तोहफा देते हुए होली को ‘ड्राई डे’ की लिस्ट से बाहर कर दिया है।
अक्सर होली जैसे बड़े त्योहारों पर दिल्ली में शराब की दुकानें बंद रहती थीं, जिससे आखिरी वक्त में मारामारी मचती थी। लेकिन जनवरी में जारी दिल्ली सरकार के नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, मार्च तक की लिस्ट में होली का नाम ‘ड्राई डे’ के तौर पर शामिल नहीं है।
सरकार के इस फैसले से जहां राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद है, वहीं दिल्ली के ‘ग़ालिबों’ में जश्न का माहौल है। अब आपको रंगों के बीच दुकानों के शटर गिरने की चिंता नहीं करनी होगी। हालांकि, प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुकानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। दुकानें तो खुली हैं, लेकिन याद रहे कि होली ‘अपनों’ के साथ खेलें, ‘बोतल’ के साथ नहीं। सुरक्षित रहें और संभलकर जाम छलकाएं!

















