भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया की दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 100 मिलियन (10 करोड़) के पार पहुंच गई है। इस उपलब्धि के साथ वे दुनिया के पहले ऐसे मौजूदा राष्ट्राध्यक्ष बन गए हैं, जिनके पास इतनी बड़ी डिजिटल फैन फॉलोइंग है।
साल 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़ने वाले पीएम मोदी की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फॉलोअर्स के मामले में वे वैश्विक नेताओं की सूची में शीर्ष पर हैं। आंकड़े बताते हैं कि इंस्टाग्राम पर मोदी की पहुंच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दोगुने से भी ज्यादा है।
इतनी बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होने के बाद अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि क्या पीएम मोदी को भी अन्य इन्फ्लुएंसर्स की तरह इंस्टाग्राम से मोटी कमाई होती है?
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंस्टाग्राम से किसी भी तरह की व्यक्तिगत आय नहीं होती है। इसका मुख्य कारण यह है कि उनका अकाउंट एक ‘सार्वजनिक नेता’ (Public Leader) के रूप में है, न कि किसी व्यावसायिक क्रिएटर के रूप में। इंस्टाग्राम की कमाई की प्रक्रिया और शर्तें आम क्रिएटर्स और ब्रांड प्रमोटर्स के लिए होती हैं।
आम तौर पर इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या के आधार पर सीधे पैसे नहीं देता। कमाई के लिए प्रोफेशनल या क्रिएटर अकाउंट होना और मेटा की नीतियों का पालन करना अनिवार्य है। प्रोफेशनल अकाउंट के जरिए 10,000 व्यूज पर छोटे क्रिएटर्स 500 से 2000 रुपये तक कमा सकते हैं, लेकिन इसके लिए कंटेंट का ‘ओरिजिनल’ होना और कम्युनिटी गाइडलाइंस का पालन करना जरूरी है।
अगर कोई यूजर इंस्टाग्राम से पैसा कमाना चाहता है, तो उसे कई नियमों को पूरा करना होता है। प्रोफाइल पब्लिक और प्रोफेशनल/बिजनेस होनी चाहिए। यूजर की उम्र 18 साल से अधिक होनी चाहिए। कंटेंट पूरी तरह ओरिजिनल होना चाहिए (कॉपी किए गए वीडियो पर कमाई नहीं होती)। बैंक खाते के साथ पेआउट अकाउंट सेट करना जरूरी है।
आपको बता दें कि पीएम मोदी के लिए इंस्टाग्राम कमाई का जरिया नहीं, बल्कि जनता से सीधे संवाद करने और अपनी नीतियों को वैश्विक स्तर पर पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है।


















