पाकिस्तान की राजनीति और क्रिकेट—दोनों के बड़े नाम रहे Imran Khan की सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता गहराती जा रही है। जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान को 800 दिनों से ज्यादा समय हिरासत में हो चुका है। इस बीच उनकी बिगड़ती तबीयत की खबरों ने दुनिया भर के क्रिकेट जगत को झकझोर दिया है।
दुनिया के 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को एक संयुक्त पत्र लिखकर इमरान खान को जेल में उचित और त्वरित चिकित्सा सुविधा देने की मांग की है। यह चिट्ठी पाकिस्तान के वर्तमान प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif को संबोधित बताई जा रही है।
पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में कई दिग्गज नाम शामिल हैं, जैसे:
-
Belinda Clark
-
Greg Chappell
-
Michael Atherton
-
Sunil Gavaskar
-
Kapil Dev
-
Nasser Hussain
-
Ian Chappell
-
Michael Brearley
-
Allan Border
-
David Gower
-
Kim Hughes
-
Clive Lloyd
-
Steve Waugh
-
John Wright
इन सभी ने अपने पत्र में इमरान खान के साथ कथित व्यवहार और जेल की परिस्थितियों पर गंभीर चिंता जताई है। पत्र में लिखा गया है
“हम, अपनी-अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान, पाकिस्तान के महान पूर्व कप्तान और विश्व क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी इमरान खान के साथ जेल में हो रहे कथित व्यवहार को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हैं।”
पूर्व कप्तानों ने याद दिलाया कि इमरान खान ने 1992 में पाकिस्तान को ऐतिहासिक विश्व कप जीत दिलाई थी। उन्होंने लिखा कि उनकी कप्तानी, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना ने पूरी दुनिया की नई पीढ़ी को प्रेरित किया। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि क्रिकेट के बाद प्रधानमंत्री के रूप में भी उन्होंने पाकिस्तान की सेवा की और कठिन समय में देश का नेतृत्व किया।
इमरान खान की सेहत को लेकर चिंताएं तब और बढ़ गईं जब हाल ही में अदालत में एक वकील ने दावा किया कि उनकी दाहिनी आंख में सिर्फ 15 प्रतिशत रोशनी बची है। आरोप लगाया गया कि तीन महीने तक उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इमरान की बहन अलीमा खानम ने भी जेल में उनके साथ हो रहे व्यवहार और बिगड़ती सेहत को लेकर सार्वजनिक रूप से आवाज उठाई थी। इसके बाद यह मुद्दा अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गया।
पूर्व कप्तानों ने अपने पत्र में साफ लिखा कि एक पूर्व प्रधानमंत्री और वैश्विक खेल प्रतीक (Global Sports Icon) के साथ जेल में सम्मानजनक और मानवीय व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि इमरान खान को तुरंत उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनकी सेहत की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराई जाए।
राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस मामले ने अब खेल जगत को भी सक्रिय कर दिया है। सवाल सिर्फ एक पूर्व प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि उस शख्स का है जिसने पाकिस्तान को विश्व कप जिताया और दशकों तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का चेहरा बना रहा। अब देखना होगा कि पाकिस्तान सरकार इस अंतरराष्ट्रीय अपील पर क्या कदम उठाती है।





















